राजनांदगांव। कोसरिया यादव महासभा द्वारा आगामी 13 दिसंबर 2026, रविवार को यादव मेला एवं सामाजिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन राजनांदगांव के गौरव पथ स्थित गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें युवक-युवती परिचय सम्मेलन, संभागीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित होंगे।
समाज के संगठन प्रभारी भोला यादव ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए राजनांदगांव शहर के विभिन्न वार्डों के साथ सर्किल, जिला और संभागीय स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ होगी।
शादी योग्य युवक-युवतियों से शामिल होने की अपील
परिचय सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों के साथ अधिक उम्र के युवक-युवतियों, तलाकशुदा, विधवा, विधुर और परित्यक्ता को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों से पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
सम्मेलन में शामिल होने वाले युवक-युवतियों से अपने साथ दो फोटो लाने का आग्रह किया गया है, ताकि पंजीयन फॉर्म भरने में सुविधा हो सके। वहीं, सामूहिक विवाह में शामिल होने के इच्छुक युवक-युवतियों के परिवारों से आवश्यक दस्तावेज 1 दिसंबर 2026 तक आयोजन समिति को जमा करने कहा गया है, जिससे तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
समाज के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे
आयोजन की तैयारियों में कोसरिया यादव महासभा के जिला अध्यक्ष मन्नालाल यादव, युवा अध्यक्ष हरिश यादव, जिला महिला अध्यक्ष शीला यादव, नगर अध्यक्ष सूरज यादव, महिला नगर अध्यक्ष मधु यादव सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी जुटे हुए हैं।
इसके अलावा बेमेतरा से रविन्द्र यादव, बालोद से दुर्गा प्रसाद यादव, चंद्रहास यादव, कवर्धा से डोमलाल यादव, खैरागढ़ से ईश्वर यादव, मोहला-मानपुर से देवप्रसाद यादव, उदय प्रसाद यादव तथा दुर्ग जिले से अमर यादव, अनिल यादव और खिलेश्वर यादव सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय हैं।

Facebook Conversations