बेमेतरा। जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित मजगांव में किसान का धान वापस लौटाने का मामला सामने आने के बाद उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक, सहकारी संस्थाएं ने जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के मुताबिक, किसान के धान में नमी की मात्रा निर्धारित सीमा 17 प्रतिशत से अधिक पाए जाने के कारण उसे सुखाने के लिए वापस ले जाने को कहा गया था।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को ग्राम मजगांव निवासी किसान नंद, पिता कार्तिक का 26.80 क्विंटल धान का टोकन था। किसान जब धान लेकर सेवा सहकारी समिति मजगांव, शाखा खण्डसरा पहुंचे, तो नियमानुसार गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में धान की नमी निर्धारित अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत से अधिक पाई गई। इस दौरान किसान स्वयं मौके पर मौजूद थे।
विभाग के अनुसार, किसान को धान वापस ले जाकर सुखाने और नमी कम होने के बाद दोबारा लाने की समझाइश दी गई थी। निगरानी समिति ने भी दोबारा जांच कर धान में अधिक नमी होने की पुष्टि की। इसके बावजूद किसान धान वापस ले जाने को तैयार नहीं हुए और धान समिति परिसर में ही छोड़कर चले गए।
17 प्रतिशत नमी की सीमा अनिवार्य
उप पंजीयक ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान उपार्जन नीति के अनुसार धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है। गीला धान खरीदे जाने से बाद में गुणवत्ता खराब होने और कटौती की स्थिति बन सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए निर्धारित नियमों के तहत ही धान खरीदी की जा रही है।
रिश्वत मांगने के आरोपों की भी होगी जांच
इस मामले में किसान द्वारा जारी वीडियो में धनराशि मांगने संबंधी आरोप भी सामने आए हैं। उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक ने इसे गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है। विभाग के अनुसार, जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि जिले की सभी समितियों में नमी मापक यंत्र और पारदर्शी जांच व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित नमी सीमा के भीतर ही खरीदी केंद्रों में लेकर आएं।

Facebook Conversations