रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के विशेष संवाद कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में शनिवार को प्रसिद्ध अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रग्बी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बोस शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से खेल, रग्बी के विकास, युवाओं की प्रतिभा और ओलंपिक में भारत की संभावनाओं को लेकर खुलकर बातचीत की।
कार्यक्रम में राहुल बोस ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भारत में रग्बी खेल की संभावनाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आयोजित अस्मिता रग्बी स्टेट लीग की सराहना करते हुए कहा कि महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण हैं।
11 साल तक भारतीय रग्बी टीम का किया प्रतिनिधित्व
राहुल बोस भारतीय रग्बी टीम के खिलाड़ी के रूप में 11 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2009 में खेल से संन्यास लेने के बाद भी वह रग्बी के विकास से जुड़े रहे। वर्ष 2021 में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने देश में इस खेल को लोकप्रिय बनाने, युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और प्रतियोगिताओं का विस्तार करने की दिशा में काम किया।
उन्होंने रग्बी को आक्रामक, रोमांचक और चुनौतीपूर्ण खेल बताते हुए इसे देश के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। भारतीय महिला रग्बी टीम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और भविष्य में ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन की संभावनाओं पर भी उन्होंने अपने विचार रखे। उन्होंने वर्ष 2032 के ओलंपिक को भारतीय रग्बी के विकास के लिए महत्वपूर्ण लक्ष्य बताया।
फिल्मों में अब चरित्र भूमिकाएं करना चाहते हैं राहुल बोस
अपने फिल्मी करियर पर चर्चा करते हुए राहुल बोस ने बताया कि उन्हें अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाना पसंद है। दो कॉमेडी फिल्में करने के बाद अब वह चरित्र अभिनय की तलाश में हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दो नई फिल्में जल्द ही दर्शकों के सामने आएंगी।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को फिट रहने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए खेल और व्यायाम जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है।
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
‘हमर पहुना’ कार्यक्रम के माध्यम से रायपुर प्रेस क्लब विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को पत्रकारों के बीच आमंत्रित कर सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराता है।

Facebook Conversations