कुम्हारी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, दिनांक  को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास रायपुर–दुर्ग मार्ग पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सउनि सुशील पाण्डेय के हमराह आरक्षक रमेश चंद्राकर ड्यूटी पर तैनात थे। चेकिंग अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संदिग्ध वाहनों की जांच करना था।

चेकिंग के दौरान लगभग 12:40 बजे एक तेज रफ्तार वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475, जिसमें काली फिल्म लगी हुई थी, रायपुर की दिशा से दुर्ग की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति और तेज कर दी। आरोप है कि चालक ने आरक्षक रमेश चंद्राकर के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बचे।

इस दौरान आरक्षक को बचने के प्रयास में दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़े। बताया गया कि आरोपियों ने दोबारा वाहन को उनके सिर के ऊपर से निकालने का प्रयास किया, लेकिन आरक्षक की सतर्कता से वह सुरक्षित बच गए। इस घटना से मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के तुरंत बाद यातायात पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन का पीछा शुरू किया और सिरसा गेट के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया। वाहन में दो युवक और दो युवतियां सवार पाए गए, जो संदिग्ध अवस्था में थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रमजान और जाकिर मोहम्मद, निवासी नागपुर के रूप में बताई।

मामले में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपीगण वाहन चेकिंग से बचने के लिए तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे, जिससे न केवल पुलिसकर्मी की जान खतरे में पड़ी बल्कि सड़क सुरक्षा नियमों का भी गंभीर उल्लंघन हुआ।

इस पूरी कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग की तत्परता और साहसिक भूमिका की सराहना की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं और किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस जांच में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही या शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations