बच्चों के अंतर्मन की असीमित शक्तियों को पहचानने एवं निखारने का अनूठा आयोजन – ‘मेरे अंदर का जादू’...
त्वरित खबरें निशा विश्वास ब्यूरो प्रमुख रिपोर्टिंग

*बच्चों के अंतर्मन की असीमित शक्तियों को पहचानने एवं निखारने का अनूठा आयोजन – ‘मेरे अंदर का जादू’...

*जो चित्र हम मन में बनाते है,वो बाहर आविष्कार के रूप में प्रत्यक्ष होती है... ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी*

भिलाई,15 नवम्बर छत्तीसगढ़:- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर 7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में  बाल दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए एक विशेष स्नेह मिलन समारोह ‘मेरे अंदर का जादू’ का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

 इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं, आंतरिक शक्तियों, श्रेष्ठ संस्कारों एवं विशेषताओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना था।

*प्राची दीदी ने समझाई मन की शक्ति और संकल्पों का महत्व*

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची दीदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जो चित्र मन अपने अंदर बना लेता है, वही बाहर की दुनिया में आविष्कार के रूप में प्रत्यक्ष हो जाता है। इससे हमें मन की अपार शक्ति का परिचय मिलता है। हमारे संकल्पों में इतनी शक्ति है कि हम जैसा सोचते हैं, वैसा ही अपने जीवन में साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इसलिए बच्चों को सदैव श्रेष्ठ, सकारात्मक एवं रचनात्मक संकल्प करने चाहिए।

 *बच्चों को दिया ‘आंतरिक शक्तियों का गुल्लक’ होमवर्क*

प्राची दीदी ने बच्चों को एक अनूठा होमवर्क देते हुए ‘आंतरिक शक्तियों का गुल्लक’ बनाने की प्रेरणा दी। इसमें बच्चों को प्रतिदिन अपने जीवन में धारण किए गए गुणों, विशेषताओं एवं एकाग्रता की शक्ति को जमा करना है। जिस प्रकार हम गुल्लक में प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी राशि जमा करते हैं, उसी प्रकार प्रतिदिन अपने अंदर श्रेष्ठ गुणों एवं शक्तियों का संचय करने से हमारा व्यक्तित्व समृद्ध और शक्तिशाली बनता जाएगा।

*आशा दीदी के आशीर्वचनों से बच्चों को मिला श्रेष्ठ जीवन का संदेश*

भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि बच्चे अर्थात बुराइयों से बचे हुए पवित्र आत्माएं। चाहे किसी भी उम्र के हों, परमात्मा के सभी मीठे बच्चों का परमात्मा के घर में दिल से स्वागत है। उन्होंने कहा कि आप सभी बच्चे जितना अपने जीवन को मूल्यवान संस्कारों एवं श्रेष्ठ गुणों से चमकाएंगे, उतना ही सुंदर श्रेष्ठ स्वर्णिम भारत और बेहतर विश्व का निर्माण होगा। आप सभी बच्चे विश्व के आधारमूर्त हैं। इसलिए अपने जीवन को श्रेष्ठ संस्कारों, गुणों एवं दिव्य शक्तियों से संपन्न बनाएं।

*विशिष्ट अतिथियों ने की आयोजन की सराहना*

इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित ऑल इंडिया लीनिस क्लब की प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती रश्मि अग्रवाल एवं साहित्यकार  शिरोमणि माथुर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज बच्चों को मोबाइल इंटरनेट की दुनियां से बाहर निकलकर बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों एवं आंतरिक गुणों को प्रोत्साहित करने के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं।

*चार आयु वर्गों में बच्चों का विशेष वर्गीकरण*

‘नन्हे अंकुर’,  ‘उड़ते पंख’, ‘असली प्रतिभा’ ‘उज्ज्वल युवा’ वर्ग निर्धारित किए गए। सभी आयु वर्गों के बच्चों के लिए उनकी उम्र एवं रुचि के अनुरूप मनोरंजक, रचनात्मक तथा ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं।

*गेम जोन रहा आकर्षण का केंद्र* 

कार्यक्रम के गेम जोन में बच्चों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में चार प्रकार के स्टार निर्धारित किए गए। इनमें खेल के दौरान एकाग्रता एवं ध्यान के लिए ‘फोकस स्टार’, आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ‘कॉन्फिडेंस स्टार’, धैर्य के लिए ‘पेशेंस स्टार’ तथा विनम्र एवं शिष्ट व्यवहार के लिए ‘पोलाइट स्टार’ शामिल थे। 

 *बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रभु उपहार से बढ़ा उत्साह*

कार्यक्रम के दौरान सभी आयु वर्गों के बच्चों ने अपनी-अपनी प्रतिभा एवं रुचि के अनुसार सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को स्नेहपूर्वक प्रभु उपहार प्रदान किए गए।

प्रेषक

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय 

राजयोग भवन सेक्टर 7,भिलाई

छत्तीसगढ़, भारत

YOUR REACTION?

Facebook Conversations