बेमेतरा। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में 5 नवंबर को जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 71 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, थाना बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, दाढ़ी तथा चौकी देवकर और कंडरका की टीमों ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जबकि 71 जुआरियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कुल 14 प्रकरण दर्ज किए हैं। मौके से जुआरियों के कब्जे और फड़ से कुल 35 हजार 780 रुपए नकद तथा ताश की 52 पत्ती जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना और चौकी की पुलिस टीम शामिल रही।

Facebook Conversations