नेहरू नगर से फरीद नगर तक हथियार लेकर घूम रहे थे आरोपी: सुपेला पुलिस ने 4 को पकड़ा...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चापड़, दो गंडासा और एक फरसा नुमा धारदार हथियार सहित कुल चार हथियार जब्त किए हैं।

दुर्ग पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपेला क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस ने जिम गार्डन नेहरू नगर, आरके ग्राउंड राधिका नगर रोड, फरीद नगर लाल मैदान रोड और लाल मैदान के पास कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप उर्फ शिवादीप उर्फ बगीरा (38), समाउल हक अंसारी (24), संतोष प्रसाद उर्फ टकला (20) और संदीप सोनकर उर्फ गोरखा (31) के रूप में हुई है।

चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को धारदार हथियार लेकर घूमते या लोगों को धमकाते हुए देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations