खुद को इलाके का 'दादा' बताकर फैला रहा था दहशत, धारदार हथियार के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को इलाके का "दादा" बताकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और उसके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नकअम्मा मोहल्ला, बालाजी नगर में एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा है और उत्पात मचा रहा है। सूचना पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान एस. बंशी राव उर्फ ताता उर्फ राकी (22 वर्ष), निवासी गांधी नगर विद्यालय के पीछे, बालाजी नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर खुद को क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति बताता था और लोगों में डर का माहौल बनाकर गुण्डागर्दी कर रहा था।

खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations