पिटाई का बदला लेने बना कातिल! 16 साल के नाबालिग ने रेलवे सुपरवाइजर को उतारा मौत के घाट...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोटिंग

बिलासपुर। रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर नरेश गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग ने पिटाई का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

मामला तोरवा थाना क्षेत्र की RPF कॉलोनी का है। गुरुवार सुबह पानी टंकी के पास कंस्ट्रक्शन साइट पर कर्मचारी का खून से सना शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज मिली। इसमें एक संदिग्ध युवक हाफ पैंट और टी-शर्ट में नजर आया। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

बिहार का रहने वाला था नरेश

मृतक की पहचान नरेश गुप्ता (35) के रूप में हुई है, जो बिहार के आरा का रहने वाला था। वह रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइट पर काम करने पहुंचे कर्मचारियों ने नरेश को आवाज लगाई और फोन भी किया। कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने गेट के अंदर जाकर देखा तो जमीन पर नरेश की खून से सनी लाश पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तीन थप्पड़ का बदला लेने रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश के दौरान वह साइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में उसकी साइकिल से बारिश का पानी नरेश के ऊपर छिटक गया। इस बात से नाराज होकर नरेश ने उसे रास्ते में रोककर कथित तौर पर तीन थप्पड़ मारे।

नाबालिग ने बताया कि इस घटना से वह खुद को अपमानित महसूस कर रहा था और उसने बदला लेने की ठान ली। इसके बाद उसने नरेश की हत्या की योजना बनाई।

रात में साइट में घुसा, हथौड़े से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11:30 बजे नाबालिग कंस्ट्रक्शन साइट के पीछे से अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद वह हथौड़ा और अन्य भारी सामान लेकर नरेश के कमरे तक पहुंचा। नरेश के सोने का इंतजार करने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण नरेश की मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations