भिलाई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
सांसद बघेल ने स्वयं झाड़ू लगाकर अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की और अस्पताल में स्थापित लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा को पानी से साफ कर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा पूर्व विधायक स्व. विद्यारतन भसीन के कार्यकाल में स्थापित की गई थी, जिसकी आज सफाई कर श्रद्धासुमन अर्पित करना गौरव का विषय है।
इसके बाद सांसद ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने एक सफाई कर्मचारी को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर सांसद बघेल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अहम हिस्सा माना था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक दिन का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा भिलाई जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, मंडल अध्यक्ष दीपक भोण्डेकर, अस्पताल अधीक्षक नरेंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

Facebook Conversations