दुर्ग जिले के सुपेला थाना पुलिस ने पुराने लंबित गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाकर 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 गिरफ्तारी वारंटी और 4 स्थायी गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर जिला न्यायालय दुर्ग के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, थाना सुपेला द्वारा 11 नवंबर 2026 से लंबित वारंटों की तामिली के लिए अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान पुलिस टीम ने न्यायालय से प्राप्त पतों के साथ वारंटियों के संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी की।
12 नवंबर को मुखबिर से वारंटियों की सुपेला क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आशराम परमार, राजीव साव, विक्की साव, आकाश साव, विक्की गायकवाड़ और अभय गजभिये शामिल हैं। वहीं स्थायी गिरफ्तारी वारंट के तहत नंदकिशोर चौहान, भोला गायकवाड़, भूपेन्द्र देवांगन और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला के निरीक्षक एस.एन. सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामिली और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों से न्यायालयीन आदेशों का पालन करने और पुलिस को सहयोग देने की अपील की गई है।


Facebook Conversations