धमतरी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: मकान से 12 युवक-6 युवतियां हिरासत में, ग्रामीणों ने किया घेराव...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

धमतरी। शहर से लगे श्यामतराई इलाके में पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर 18 लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में 12 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं। पुलिस को मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार श्यामतराई गांव के उक्त मकान में अनैतिक गतिविधियों के संचालित होने की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सभी को हिरासत में लेकर थाने लाया। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीण, किया घेराव

पुलिस की कार्रवाई के अगले दिन बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त मकान का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मकान में पिछले 3-4 साल से देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इसकी कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि मकान में संदिग्ध लोगों के आने-जाने से गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। इससे गांव की बदनामी हो रही है। ग्रामीणों ने मकान मालिक और मुख्य सरगना की गिरफ्तारी की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक नहीं लगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations