रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। बारिश की गतिविधियों में लगातार कमी देखी जा रही है, जिससे मौसम शुष्क बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी विशेष बारिश दर्ज नहीं हुई। मानसून के कमजोर होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।
रायपुर का मौसम: राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश का तापमान: बीते 24 घंटे में राजनांदगांव 34.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, अलीगढ़, धौलपुर और उदयपुर होते हुए गुजर रही है। अगले 48 घंटे में छत्तीसगढ़ सहित बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी हो सकती है। फिलहाल किसी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

Facebook Conversations