एक कॉलेज प्रोफेसर पर छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का दावा है कि प्रोफेसर लंबे समय से उसे अश्लील संदेश भेज रहा था और आपत्तिजनक बातें करता था। आरोप है कि प्रोफेसर ने उससे शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव भी रखा, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि छात्रा अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान छात्रा ने प्रोफेसर को कथित तौर पर सरेआम थप्पड़ मार दिया। घटना के दौरान कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद आपसी सहमति से राजीनामा होने की बात सामने आई। इसके बाद किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है या जांच में कोई संज्ञेय अपराध सामने आता है, तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की परिस्थितियों और वायरल वीडियो की जानकारी जुटाई जा रही है।

Facebook Conversations