साउथ सुपरस्टार धनुष और रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या ने अलग होने का फैसला लिया
त्वरित ख़बरें - धनुष-ऐश्वर्या में तलाक क्यों:3 साल से थीं दूरियां, धनुष के 3 एक्ट्रेसेस से अफेयर की खबरें और ऐश्वर्या के डूबते करियर ने रिश्ता तोड़ा

सोमवार रात को साउथ सुपरस्टार धनुष और रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या ने अलग होने की घोषणा की। इस खबर से पूरी साउथ फिल्म इंडस्ट्री के साथ बॉलीवुड भी सदमे में आ गया। दोनों को आदर्श कपल माना जाता था। धनुष साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सफलतम सितारे हैं। ऐश्वर्या फिल्म डायरेक्टर हैं। दोनों का तलाक क्यों हुआ? पूरी इंडस्ट्री के साथ ही फैंस के दिलों में भी ये सवाल खड़ा हो गया।

 साउथ सिनेमा से जुड़े कुछ लोगों से इस रिश्ते के टूटने की अंदर की बातें जानने की कोशिश की। कहा जा रहा है कि दोनों के रिश्ते में 2019 से ही कुछ ठीक नहीं था। धनुष-ऐश्वर्या का रिश्ता बाहरी दुनिया के लिए कुछ अलग था, लेकिन बंद दरवाजों के पीछे अलगाव की शुरुआत हो चुकी थी। इसके 2 मुख्य कारण माने जा रहे हैं। पहला- धनुष का अपनी को-एक्टर्स के साथ रिश्तों को लेकर खबरों में बने रहना और दूसरा- ऐश्वर्या का बतौर फिल्म डायरेक्टर करियर नहीं बन पाना।

3 एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ा धनुष का नाम

साउथ सिनेमा से जुड़े लोग बताते हैं कि समय-समय पर धनुष  अपनी को-एक्ट्रेसेस के साथ लिंकअप की खबरें आना इसका बड़ा कारण बना। धनुष के साथ जुड़ने वाले नामों में अमाला पॉल, श्रुति हासन और तृषा कृष्णन का नाम सबसे आगे है। 2020 में श्रुति के साथ उनका नाम जोड़ा गया था। श्रुति ने धनुष के साथ ऐश्वर्या के डायरेक्शन में बनी फिल्म तीन में काम किया था।

तृषा कृष्णन और अमाला पॉल का नाम भी काफी बार धनुष से जुड़ा। तृषा और धनुष इंडस्ट्री में अच्छे दोस्त माने जाते हैं। इन खबरों को लेकर धनुष-ऐश्वर्या में तनाव की स्थिति बनती गई। इन रिश्तों पर कभी किसी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई और इन्हें अफवाह ही माना जाता रहा।

रजनीकांत की बेटी को साउथ सिनेमा में नहीं मिला काम

रजनीकांत की बेटी होने के बाद भी ऐश्वर्या को साउथ इंडस्ट्री में उतना काम नहीं मिल पा रहा था, जितना मिलना चाहिए। पहली फिल्म तीन फिल्मों के बाद उनके पास कोई काम नहीं था। इसी फिल्म में धनुष ने संगीतकार अनिरुद्ध की धुन पर कोलावेरी-डी गाना गाया था, जो फिल्म रिलीज होने के पहले ही चार्टबस्टर साबित हुआ। इस फिल्म में श्रुति हासन ने धनुष के अपोजिट काम किया था। तीन बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई।

साउथ सिनेमा को वैसे भी पुरुष प्रधान इंडस्ट्री माना जाता है। यहां लड़कियों को बतौर हीरोइन मौका मिल जाता है, लेकिन डायरेक्शन जैसे कामों में उन्हें इतने मौके नहीं मिलते। इस कारण पहली फिल्म के बाद ऐश्वर्या को कोई दूसरी फिल्म नहीं मिली। उन्होंने कुछ शॉर्ट फिल्में और डॉक्यूमेंट्री में भी हाथ आजमाया, लेकिन खास सफलता नहीं मिली।

मुंबई में सैटल होना चाहती हैं ऐश्वर्या
बतौर डायरेक्टर अपने डूबते करियर को बचाने के लिए ऐश्वर्या साउथ फिल्म इंडस्ट्री की बजाय बॉलीवुड में काम करना चाहती हैं। इस कारण उनका भी ज्यादातर समय मुंबई में गुजर रहा है। ऐसे में दोनों का साथ रहना भी मुश्किल हो रहा था। मुंबई में कई सफल महिला डायरेक्टर्स हैं और बॉलीवुड में मेल-फीमेल वाला भेदभाव भी कम है, इसलिए ऐश्वर्या अपना करियर यहां सैटल करना चाह रही हैं।

धनुष का लगातार बिजी रहना भी एक कारण
दोनों के रिश्तों में दूरी का एक कारण ये भी है कि धनुष एक के बाद एक फिल्में साइन कर रहे हैं, उनका ज्यादातर समय शूटिंग में और आउटडोर गुजरता है। रिश्ते और घर को वो ज्यादा समय नहीं दे पा रहे हैं। साउथ इंडस्ट्री के अलावा उन्हें बॉलीवुड की फिल्में भी काफी मिल रही हैं।

हाल ही में अक्षय कुमार-सारा अली खान के साथ आई उनकी फिल्म अतरंगी रे को भी तारीफें मिली हैं और उनके काम को भी सराहा गया है। अतरंगी रे के पहले धनुष बॉलीवुड की रांझणा और शमिताभ में भी काम कर चुके हैं। उनकी छवि एक पैन इंडिया स्टार की बनती जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations