राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बस्तर प्रवास के दौरान माँ दंतेश्वरी मंदिर में की पूजा-अर्चना, देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर:देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति ने माँ दंतेश्वरी से देशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया।

इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने माँ दंतेश्वरी के दरबार में माथा टेककर प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और खुशहाली की प्रार्थना की।

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर: मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक प्रवास पर कहा कि बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के प्रति अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। वे यहाँ के लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। महामहिम राष्ट्रपति का बस्तर आकर माँ दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन करना पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए विश्व भर में अपनी एक अलग पहचान रखता है। राष्ट्रपति महोदया के इस प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

बस्तर की आस्था का मुख्य केंद्र है माँ दंतेश्वरी मंदिर

माँ दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। उनके प्रति बस्तरवासियों की गहरी आस्था है, जो यहाँ की सदियों पुरानी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जीवन में गहराई से रची-बसी हुई है। राष्ट्रपति के इस दौरे से बस्तर में उत्साह का वातावरण है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations