रायपुर, पुलिस ने विवेचना को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रायपुर कमिश्नरेट के 308 विवेचकों को ई-साक्ष्य (इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य) के प्रभावी संकलन के लिए स्मार्टफोन वितरित किए गए। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं मोबाइल फोन वितरित कर इस पहल की शुरुआत की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन मोबाइल उपकरणों का उद्देश्य घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्यों का त्वरित और सुरक्षित संकलन, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण तथा विभिन्न तकनीकी प्लेटफॉर्मों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है। अब विवेचक मौके पर ही फोटो, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल रिपोर्टिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का मानकीकृत तरीके से संग्रह कर सकेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि वे डिजिटल ऐप्स, ई-साक्ष्य संचालन प्रोटोकॉल और डेटा सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीक आधारित विवेचना से मामलों के निराकरण में तेजी आएगी तथा न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
यह पहल राज्य पुलिस मुख्यालय की डिजिटल सुदृढ़ता नीति का हिस्सा है। आगामी चरणों में विवेचकों को विशेष प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और डेटा सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देशों के पालन के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे पुलिसिंग और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Facebook Conversations