रायपुर, पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर वाहन चोर अभय दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, देवेंद्र साहू ने थाना उरला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 को उन्होंने उरला स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में अपनी बाइक खड़ी की थी। काम खत्म कर लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देश पर उरला थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय दुबे बताया और चोरी की बाइक बेचने की बात स्वीकार कर ली।
आगे की पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना भी कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अभय (अमय) दुबे के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Facebook Conversations