राजधानी, रायपुर में मानसून की पहली मूसलाधार बारिश के बाद कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नगर निगम जोन क्रमांक-3 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 की गोरखा कॉलोनी, कालीनगर तथा वार्ड क्रमांक 30 की गांधी नगर बस्ती सबसे अधिक प्रभावित रहीं। हालात को देखते हुए नगर निगम ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद कैलाश बेहरा और वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद राजेश गुप्ता भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जलभराव, नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा जोन-3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम जोन-3 द्वारा गोरखा कॉलोनी, कालीनगर और गांधी नगर की प्रभावित बस्तियों में लगभग 2,000 फूड पैकेट वितरित किए गए। तीनों बस्तियों में करीब एक-एक हजार पैकेट उपलब्ध कराकर जरूरतमंद परिवारों तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई। राहत वितरण कार्य वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा और राजेश गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे और सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू भी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम ने कहा कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जल निकासी का कार्य लगातार जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति मिल सके।

Facebook Conversations