रायपुर पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी एवं फरार वारंटी विकास शुक्ला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध वसूली समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा क्षेत्र के लाभांडी निवासी 28 वर्षीय विकास शुक्ला के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था। वारंट के पालन में थाना तेलीबांधा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 129 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा भी प्रस्तुत किया है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस ने बताया कि न्यायालयीन अभिरक्षा के दौरान विकास शुक्ला ने न्यायालय परिसर से फरार होने का प्रयास किया। इस घटना के बाद थाना सिविल लाइन में उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत धारा 259 बीएनएस में अलग से एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में भी आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Facebook Conversations