राजधानी/ में पिछले 16 महीने में 2400 से ज्यादा छोटी-बड़ी चोरियां हुई हैं। इनमें से सिर्फ 21 फीसदी मामलों में ही पुलिस चोरों को पकड़ पाई है। जबकि पुलिस के पास कई केस में चोरों का फुटेज, नाम और पता भी है। इधर, पुलिस की टीम फिलहाल सट्टे को मामलों को सुलझाने में लगी हुई है।
पिछले 19 दिनों में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टा में छापा मारकर 29 सटोरियों को पकड़ा है, जिनसे करोड़ा का सट्टा फूटने का दावा किया गया है, लेकिन उनसे पुलिस सिर्फ 1.53 लाख ही जब्त कर पाई। पुलिस अब तक किसी भी बड़े बुकी या सटोरी को पकड़ने में सफल नहीं हो पाई है। इसमें बाकायदा स्पेशल यूनिट को लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी घटना की जांच कभी बंद नहीं होती है। चोरियों की जांच के लिए थाने के अलावा एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को लगाया गया है। सभी चोरियों की जांच चल रही है। अभी आईपीएल चल रहा है। इसमें सटोरिए सक्रिय हैं। उन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उनके नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कवर्ड कैंपस में चोरों का धावा
विधानसभा इलाके के कवर्ड कैंपस वाली कॉलोनी रहेजा ग्रीन में चोरों ने धावा बोलकर 5 लाख से ज्यादा के जेवर व कैश पार कर दिए। जबकि वहां पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात है। दीवार फांदकर चोर कॉलोनी के भीतर आए और ताला तोड़कर ठेकेदार के घर से जेवर व कैश पार कर दिए।
कमरे में बंद करके लाखों की चोरी
विधानसभा इलाके के टेकारी में एक माह पहले किसान के घर बड़ी चोरी हुई। किसान का परिवार घर पर मौजूद था, तब चोरों ने मकान में धावा बोल दिया। कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी। उसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर 6 लाख से ज्यादा के जेवर ले गए।
भीड़भाड़ में घुसकर चोरी
वीआईपी रोड स्थित निरंजन धर्मशाला में कुछ दिन पहले शादी समारोह था। रात में बारात आई हुई थी। शादी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान चोरों ने धावा बाेलकर दुल्हन का जेवर पार कर दिया। चार लाख से ज्यादा का कैश व जेवर आलमारी में रखे हुए थे। अब तक चोर पकड़े नहीं गए हैं।
13 जगह छापा मारकर 29 सटोरियों को पकड़ा
थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम आईपीएल शुरू होने के बाद लगातार छापेमारी कर रही है। शहर में 13 जगह छापा मारकर पुलिस ने 19 सटोरियों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करोड़ों का सट्टा चलाने का दावा किया था, लेकिन उनसे सिर्फ 1.53 लाख कैश, 100 से ज्यादा मोबाइल और लैपटॉप जब्त किया है। दिल्ली, मुंबई, गोवा में बैठे सटोरियों को नहीं पकड़ा गया है। कार्रवाई सिर्फ छोटे सटोरियों तक सीमित है।
और इधर... हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक ही दिन पांच मकानों के ताले टूटे
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी खम्हारडीह में एक साथ पांच मकानों के ताले टूटने से वहां के लोग दहशत में हैं। कॉलोनी के लोग घरों की सुरक्षा के लिए परेशान हैं। 26 अप्रैल की रात चार से पांच लोगों के गिरोह ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक-एक कर पांच मकानों के ताले तोड़े। इनमें से चार मकानों में कोई नहीं रहता है।
यह मकान महीनों से खाली हैं। कुछ में कंस्ट्रक्शन का काम होने की वजह से बिजली वायर और अन्य सामग्री रखी थी। चोर उसे भी अपने साथ ले गए। केवल एक मकान में परिवार रहता है। लेकिन इस परिवार के सदस्य भी बाहर गए हुए थे। केवल इसी घर से 60 हजार कैश की चोरी हुई है।
सूने मकानों का फायदा उठाकर चोरों ने यह काम किया। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग कॉलोनी में संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। उनके हाथों में रॉड और लाठी जैसी चीजें भी दिख रही हैं। इनमें से सभी ने अपना मुंह कपड़े से ढंक कर रखा था। एक-एक कर वे मकानों के ताले तोड़ते गए। लेकिन बंद मकानों से उन्हें ज्यादा कुछ नहीं मिला। पुलिस को शक है कि लोकल गिरोह ने ही इस काम को अंजाम दिया है। चोरों ने किसी को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। आला अफसरों का मानना है कि इस तरह की चोरी मध्यप्रदेश के धार गैंग के लोग करते हैं। इन्हें पत्थरबाज गिरोह भी कहा जाता है। चोरी के दौरान लोगों से बचने के लिए यह अक्सर अपने पास पत्थर रखते हैं।
जिस घर में चोरी उसके मालिक दिल्ली गए हुए थे
मूल रूप से उमरिया मध्यप्रदेश के रहने वाले रवि गुप्ता पिछले साढ़े चार साल से अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड खम्हारडीह में राकेश शर्मा के मकान में किराये से रह रहे हैं। वे कारडोवा पब्लिकेशन दिल्ली में सेल्समैन का काम करते हैं। वे पारिवारिक काम से 21 अप्रैल को अपने घर मध्यप्रदेश गए थे।
उनकी पत्नी करीब 2 महीने से अपने मायके में हैं। यानी घर में कोई नहीं था। फिर वे दिल्ली चले गए। 27 अप्रैल को सुबह 8:15 बजे पड़ोसी सुषमा दुबे ने फोन कर बताया कि उनके घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। दिल्ली से वे रात 8:45 बजे अपने घर वापस आए तो उन्होंने देखा कि बेडरूम में रखी अलमारी खुली थी। अलमारी में लॉक नहीं था, इसलिए चोरों ने इसे आसानी से खोल लिया। अलमारी से 60 हजार कैश और 1500 रु.का चांदी का जेवर गायब है। उनके मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि कोई लड़का मुंह पर कपड़ा बांधकर घर के दरवाजे के सामने खड़ा है। उसके साथ कुछ और लोग भी दिखाई दे रहे थे। उन्होंने इस मामले की एफआईआर खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई है।

Facebook Conversations