रायपुर।नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। कांग्रेस की ओर से गठित जांच समिति आज अपनी फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट सार्वजनिक करेगी। पार्टी का दावा है कि रिपोर्ट में प्रभावित परिवारों की स्थिति, प्रशासनिक कार्रवाई और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को शामिल किया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित 85 परिवारों को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है। पार्टी का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों की बात सुने बिना उनके आशियानों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे कई परिवारों के सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया।
प्रदेश कांग्रेस ने घोषणा की है कि जांच रिपोर्ट जारी करने के बाद 10 जुलाई को पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा। इस दौरान रिपोर्ट की प्रति सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रभावित परिवारों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले में पहले ही कार्रवाई को नियमानुसार बताया जा चुका है। अब कांग्रेस की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना है। सभी की नजरें आज जारी होने वाली रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Facebook Conversations