दुर्ग, पुलिस ने नेवई थाना क्षेत्र में हुई एक गंभीर लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
मामला 04 जुलाई 2026 का है, जब प्रगति नगर, रिसाली स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट क्रमांक-109 में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस गया। आरोपी ने घर में मौजूद बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर धमकाया और सोने-चांदी के आभूषण व नगदी की मांग की। इसी दौरान वह सोने का नेकलेस लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 436/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंडला (म.प्र.) का निवासी है और वर्तमान में भिलाई क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से पूरी की गई और आरोपी को घटना के मात्र एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Facebook Conversations