धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में डायल 112 के आरक्षक ने कंट्रोल रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नाइट ड्यूटी के दौरान आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान ओमप्रकाश सोनवानी के रूप में हुई है, जो डायल 112 में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। पूरा मामला रुद्री थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कुरूद निवासी ओमप्रकाश सोनवानी की बीती रात डायल 112 के कंट्रोल रूम में नाइट ड्यूटी थी। इसी दौरान उसने कंट्रोल रूम में ही फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल आरक्षक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले आरक्षक की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या वह किसी तरह के तनाव में था।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Facebook Conversations