हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। शनिवार सुबह पैतृक गांव पंचूर से मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई। इस दौरान सीएम योगी ने खुद मां की अर्थी को कंधा दिया। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक मौन खड़े रहे।
रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे CM योगी
मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। घर पहुंचकर उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए और परिजनों से उनके अंतिम समय के बारे में जानकारी ली।
बताया गया कि मुख्यमंत्री पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। मां के निधन से वह काफी भावुक नजर आए।
91 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली।
शनिवार सुबह पंचूर गांव से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में परिवार के सदस्यों के साथ कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।
मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की।


Facebook Conversations