दुर्ग। फरार वारंटियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए तीन दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। 05 से 07 जुलाई 2026 तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संचालित अभियान के दौरान पुलिस ने 107 गिरफ्तारी वारंट और 167 स्थायी वारंट सहित कुल 274 वारंटों का सफल निष्पादन किया। सभी वारंटियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन और जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर वारंटियों के संभावित ठिकानों, निवास, रिश्तेदारों के घरों और अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने के साथ-साथ तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचनाओं का भी उपयोग किया, जिससे फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सकी।
दुर्ग पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान न्यायालयीन आदेशों के प्रभावी पालन, लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि फरार वारंटियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी फरार वारंटी के संबंध में कोई जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा और न्यायालयीन आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

Facebook Conversations