धमधा से रायपुर जा रही कार में अचानक लगी आग , चालक ने गाड़ी रोककर बचायी जान
त्वरित खबरें - खुमेंद्र कुमार निषाद रिपोर्टिंग

नंदनी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि घटना मंगलवार शाम की है। एक कार धमधा से रायपुर की तरफ जा रही थी। इस दौरान चलती कार में अचानक आग लग गई। कार रायपुर बोरिया कला निवासी राम प्रताप पाण्डेय ( 40 वर्ष) की थी। वो खुद कार को चला रहे थे। राम प्रताप ने पुलिस को बताया कि वो मंगलवार शाम 4 बजे धमधा से रायपुर के लिए निकले थे। वो जैसे ही देवरझाल गांव के पास पहुंचे, अचानक कार के सामने से धुआं उठने लगा। धुआं निकलता देख राम प्रताप ने कार को सड़क से किनारे करके रोका और फौरन बाहर निकले। कार से निकलते ही उसमें से आग निकलने लगी। कार में आग लगी देख राम प्रताप दूर भागे और नंदनी पुलिस को मामले की जानकारी दी।

इंजन में शॉर्ट सर्किट का अंदेशा 

नंदनी पुलिस के मुताबिक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। कार में आग लगने का कारण अज्ञात है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण ये घटना हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राम पाण्डेय के मुताबिक कार में उनके कुछ दस्तावेज और सामान भी थे, जो जलकर राख हो गए हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations