बिलासपुर में शिक्षा के नाम पर लापरवाही! परीक्षा केंद्र समय पर नहीं खुला, छात्रों ने लगाया बदसलूकी का आरोप
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

बिलासपुर। बिलासपुर स्थित अभियान अकादमी सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की 3 जुलाई को आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा के दौरान केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। मामले में छात्र और उसके परिजनों ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र कुशांक श्रीवास्तव की परीक्षा सुबह 10:30 बजे निर्धारित थी, जबकि रिपोर्टिंग समय 10:00 बजे था। आरोप है कि निर्धारित समय तक परीक्षा केंद्र नहीं खोला गया और सुबह 10:30 बजे तक संस्थान में ताला लगा रहा। इस दौरान छात्र और उनके अभिभावकों को बाहर इंतजार करना पड़ा।

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने केंद्र प्रबंधन से देरी का कारण पूछा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धक्का-मुक्की की गई। हालांकि, इन आरोपों पर केंद्र प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि परीक्षा देने के लिए केवल एक छात्र उपस्थित था, जो कोरबा से लंबी दूरी तय कर बिलासपुर पहुंचा था। ट्रेन की देरी के बाद परीक्षा का तनाव और फिर केंद्र पर कथित अव्यवस्था के कारण छात्र को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस घटना के बाद निजी शैक्षणिक संस्थानों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करना संस्थान की जिम्मेदारी है। यदि समय पर केंद्र का संचालन नहीं हो पाता, तो इसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ता है।

मामले को लेकर प्रशासन और संबंधित शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations