भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के एक होटल में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जवाहर नगर, अटल निवासी शादाब (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शादाब मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ सुपेला स्थित एक होटल में ठहरा था। कुछ समय बाद होटल के कमरे में उसका शव मिला, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस की शुरुआती आशंका पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि शादाब के शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय युवक के साथ मौजूद युवती से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Conversations