बारिश बनी आफत: जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से 23 की मौत, यूपी के गांवों में घुसे मगरमच्छ...
त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 5 राज्यों में सामान्य से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और शेष जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अतिभारी बारिश की आशंका जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। शारदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे नदी किनारे बसे कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि जलभराव वाले क्षेत्रों की सड़कों और खेतों में मगरमच्छ दिखाई देने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में 19 जुलाई से लगातार बारिश जारी है। भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया है। बीते 3 दिनों में 23 लोगों की मौत हो चुकी है। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से अमरनाथ यात्रा, वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोड़ी और माचिल देवी यात्रा पिछले 4 दिनों से स्थगित हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सहायता कार्य में जुटे हुए हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations