23 अप्रैल का दिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए अच्छी और बुरी दोनों याद लेकर आता है। आज ही के दिन 49 रनों पर ढेर होकर आरसीबी ने आईपीएल का न्यूनतम स्कोर बनाया था और इसी दिन टीम ने 263 रन ठोककर आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर भी खड़ा किया था। जी हां, आज एक बार फिर आरसीबी आज ही के दिन मैच खेलने वाली है। आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अपना 8वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। अब देखने वाली बात यह है कि आज आरसीबी क्या रिकॉर्ड बनाती है।
आरसीबी ने आईपीएल का सबसे उच्चतम स्कोर आज ही के दिन 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बनाया था। इस मुकाबले में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने 66 गेंदों पर 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। गेल ने इस पारी में 13 चौके और 17 छक्के लगाए थे। यह आईपीएल में किसी खिलाड़ी द्वारा बनाया गया भी सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। क्रिस गेल के अलावा कोई आरसीबी का खिलाड़ी इस मैच में 35 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया था। इस स्कोर का पीछा करते हुए पुणे 133 ही रन बना पाई थी और आरसीबी यह मैच 130 रनों के बड़े अंतर से जीता था।23 अप्रैल 2017 को कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स के बीच मैच खेला गया था। इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीब के सामने 132 रनों का लक्ष्य रखा था। इस स्कोर के सामने बैंगलोर की पूरी टीम मात्र 49 रनों पर ही ढेर हो गई थी। आरसीबी का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया था।
फाफ डु प्लेसी की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मौजूदा प्वाइंट्स टेबल में 7 में से 5 मैच जीतकर 10 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है। आरसीबी आज एसआरएच के खिलाफ अपना 8वां मैच खेलेगी और इस मैच को जीतकर उनके पास अंकतालिका में टॉप करने का मौका है। पूर्व कप्तान विराट कोहली अभी तक फॉर्म में दिखाई नहीं दिए हैं, मगर आज हैदराबाद के खिलाफ उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

Facebook Conversations