महापौर मीनल चौबे ने दी योग दिवस की बधाई, स्वच्छ सर्वेक्षण में भागीदारी का आह्वान
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर, नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू सहित सभी एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों और वार्ड पार्षदों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहरवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने और नियमित अभ्यास करने का संकल्प लेने की अपील की।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने कार्यों को बेहतर ढंग से कर सकता है। उन्होंने नागरिकों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए रायपुर को स्वस्थ और जागरूक शहर बनाने में सहयोग की अपील की।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2015 से हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत की है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है।

इस अवसर पर नगर निगम के पदाधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए भी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम स्थान दिलाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

महापौर, सभापति और अन्य जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्वच्छता एप के माध्यम से फीडबैक देने और स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित राजधानी के रूप में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations