रायपुर ,के रावणभाठा स्थित जल शोधन संयंत्र परिसर में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और जोन-6 के अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान चीकू, आंवला, अमरूद और कटहल जैसे विभिन्न फलदार पौधों का सुव्यवस्थित तरीके से रोपण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार के.के. शर्मा, वरिष्ठ छायाकार नगेंद्र वर्मा, कार्यपालन अभियंता नर सिंह फरेन्द्र, फिल्टरप्लांट के अभियंताओं, कर्मचारियों, नवयुवकों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सुरक्षित स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल अपनी संतान की तरह करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने भी रायपुर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और विकसित राजधानी बनाने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश दिया गया।

Facebook Conversations