दुर्ग। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मालवीय नगर चौक स्थित खालसा पब्लिक स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बारिश की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाले इस वर्ष के योग दिवस की थीम ‘योग संगम’ और ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। जिला स्तरीय कार्यक्रम 21 जून को सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, कार्यपालन अभियंता मो. सलीम सिद्दीकी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कार्यक्रम की सफलता और सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, टेंट, दरी, गद्दे, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए मैदान के साथ-साथ भवन के भीतर भी पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में भी कार्यक्रम प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योग दिवस में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक स्वल्पाहार और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम स्थल पर सुबह 7 बजे समय पर पहुंचने के निर्देश भी दिए।

Facebook Conversations