रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी और अवैध हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र संदीप पटेल के निर्देश पर थाना टिकरापारा पुलिस ने 16 जून को विशेष अभियान चलाया। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने संजय नगर, बोरियाखुर्द और गोकुल नगर में एक साथ दबिश देकर आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संजय नगर निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद समीर लोहे का धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। वहीं श्रद्धा विहार कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद सलमान खान बोरियाखुर्द के श्रीराम चौक में चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था। इसके अलावा गोकुल नगर के रजा सिटी निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद साहिल खान क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैला रहा था।
तीनों आरोपियों के कब्जे से तीन लोहे के धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 537/2026, 538/2026 और 539/2026 दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में की गई।
थाना टिकरापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चाकूबाजी, अवैध हथियारों के प्रदर्शन और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति अपनाई गई है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे तत्वों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Facebook Conversations