सुपेला में नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी और 1 अपचारी बालक गिरफ्तार; 1200 टैबलेट जब्त
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अटल आवास, आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की बिक्री करते हुए 6 आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 0.5 एमजी की 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट, 8 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद और 2 एयर गन बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को थाना सुपेला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास और आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कुछ लोग नशीली एवं प्रतिबंधित टैबलेट की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान 6 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि एक अपचारी बालक को संरक्षण में लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1200 नग अल्प्राजोलम 0.5 एमजी टैबलेट बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 8 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये की बिक्री रकम और 2 एयर गन भी जब्त की गईं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये और एयर गन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में साहिल शेख (24), योगेश कुमार साहू (18), अम्रन साहू (21), मयंक यादव (20), जानी यादव (22) और समीर ठाकुर (21) को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अपचारी बालक को संरक्षण में लिया गया है। नाबालिग की पहचान संबंधी जानकारी कानून के अनुसार सार्वजनिक नहीं की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित करने की गतिविधि में संलिप्त थे। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1413/2026 दर्ज कर धारा 8(c) सहपठित धारा 22 NDPS Act के तहत कार्रवाई की है।

एयर गन को लेकर भी होगी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक आरोपियों से बरामद दोनों एयर गन के तकनीकी विनिर्देशों की जांच की जाएगी। इनके संबंध में लागू वैधानिक प्रावधानों के अनुसार पृथक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह तथा आरक्षक खेमलाल और मनोज सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री या वितरण की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations