दुर्ग। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने 2 हजार से 15 हजार रुपए के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगी करने वाले लोगों को उपलब्ध कराए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सिर्फ बैंक खाते ही नहीं, बल्कि पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक और बैंक खाते से जुड़े सिम कार्ड भी दूसरे लोगों को सौंप दिए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
कमीशन के लालच में सौंपे बैंक खाते
जांच में सामने आया कि आरोपियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले 2 हजार से लेकर 15 हजार रुपए तक दिए जाने का लालच दिया गया था। कुछ आरोपियों ने बैंक खाते से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य साधन भी संबंधित लोगों को दे दिए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बैंक खातों में कितनी ठगी की रकम आई और कितने साइबर अपराधों में इनका इस्तेमाल किया गया। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पासबुक, ATM और चेकबुक भी किए बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंक खातों की जानकारी जुटाने के साथ पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड से संबंधित जानकारी भी जुटाई है। पुलिस इन बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में अपना बैंक खाता, ATM, पासबुक, चेकबुक या सिम किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। बैंक खाते का गलत इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।

Facebook Conversations