रायपुर| यातायात संभालने के साथ-साथ रायपुर पुलिस ने अपराध रोकने में भी मुस्तैदी दिखाई है। रेलवे स्टेशन के पास मोबाइल झपटकर भाग रहे आरोपी को यातायात पुलिस के दो जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया।
मामला रेलवे स्टेशन गेट नंबर-01 का है। यातायात थाना फफड़ीह में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन और नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान की ड्यूटी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति युवती का मोबाइल छीनकर तेजी से भाग रहा है।
सूचना मिलते ही दोनों जवानों ने तत्परता दिखाते हुए भीड़भाड़ वाले इलाके में आरोपी का पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से युवती का छीना हुआ मोबाइल बरामद हुआ।
आरोपी को थाना गंज के सुपुर्द किया गया, जहां उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद युवती को थाना बुलाकर उसका मोबाइल सकुशल वापस लौटा दिया गया। मोबाइल वापस पाकर युवती ने यातायात पुलिस का आभार जताया।
कर्तव्य के प्रति निष्ठा और त्वरित साहस दिखाने पर दोनों जवानों की अधिकारियों ने सराहना की है।

Facebook Conversations