दुर्ग। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए पाटन विधानसभा क्षेत्र के 45 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना होने से पहले दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के भिलाई स्थित निवास पहुंचा। यहां श्रद्धालुओं ने सांसद विजय बघेल और उनकी पत्नी रंजनी बघेल से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान सांसद विजय बघेल ने सभी श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। प्रभु श्रीराम सभी को मानव सेवा और समाज सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।
सांसद ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर वे सुबह से ही विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर छठी मैया का आशीर्वाद ले रहे थे। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे।
अंत में सांसद विजय बघेल ने श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय होने की कामना करते हुए कहा कि सभी भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर सकुशल वापस लौटें।

Facebook Conversations