राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी बसंतपुर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा के बाद कृषि उपज मंडी बसंतपुर से सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।
सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश लेकर निकली यह यात्रा इंदिरा चौक, दुर्गा चौक, बसंतपुर थाना चौक और भारत माता चौक होते हुए उद्याचल भवन पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
सेवा और सुशासन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
सभा को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि देशभर में सेवा ज्योति कलश यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। सांसद ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।
2047 तक विकसित भारत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सेवा पूरी की है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को सेवा भाव के साथ योगदान देने का संकल्प लेना होगा।
सामूहिक प्रयास से पूरा होगा विकसित भारत का लक्ष्य
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की सामूहिक शक्ति और संकल्प ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना होगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामजी भारती और विनोद खाण्डेकर, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, उपाध्यक्ष भरत वर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, राजगामी संपदा अध्यक्ष पूर्णिमा साहू सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्षद और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Facebook Conversations