भिलाई। वर्तमान समय की चुनौतियों और परिस्थितियों के बीच स्वयं को आध्यात्मिक शक्तियों से संपन्न बनाना जरूरी है। धैर्यता, दया, शांति और सत्यता जैसे परमात्मा के दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण कर ही स्वयं के साथ दूसरों के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। यह विचार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी ने व्यक्त किए।
सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम में जयंती दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक हलचलों और आपदाओं से गुजर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक मनुष्य को मनसा, वाचा और कर्मणा यानी विचार, वाणी और कर्म की शक्तियों से संपन्न होना आवश्यक है।
राजयोग से श्रेष्ठ बनाएं अपने संस्कार
जयंती दीदी ने कहा कि राजयोग के माध्यम से परमात्मा से सर्व संबंध जोड़कर अपने संस्कारों को श्रेष्ठ और दिव्य बनाया जा सकता है। हमारे विचार ही हमारे जीवन को प्रभावित करते हैं। इसलिए व्यर्थ और नकारात्मक विचारों से दूर रहकर सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए। बाहरी परिस्थितियां कैसी भी हों, मन को शांत, स्थिर और एकाग्र रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शांति की शक्ति यानी 'पावर ऑफ साइलेंस' के अभ्यास से सबसे पहले स्वयं में परिवर्तन लाना होगा। जब हम अपने विचारों और व्यवहार को सकारात्मक बनाएंगे, तभी दूसरों के परिवर्तन के निमित्त बन सकेंगे। दुनिया में होने वाली घटनाओं और समाचारों का प्रभाव अपनी मनःस्थिति पर नहीं पड़ने देना चाहिए।
हर आत्मा के प्रति रखें शुभभावना
दीदी ने आत्मिक स्थिति का अभ्यास कराते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य साक्षी भाव से करना चाहिए। परमात्मा कल्याणकारी है, इसलिए हमें भी प्रत्येक मनुष्य आत्मा के प्रति कल्याणकारी दृष्टिकोण और शुभभावना रखनी चाहिए। इसके साथ ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्म में श्रेष्ठ भावना, सत्यता, प्रेम, नम्रता और निर्मलता होनी चाहिए। धैर्यता, दया और शांति जैसे गुणों को जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
स्वागत नृत्य से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत डिवाइन ग्रुप के बच्चों द्वारा 'समर्पण को तेरे प्रणाम' गीत पर प्रस्तुत सुंदर स्वागत नृत्य से हुई।
इस अवसर पर भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर दीदियों का भिलाई आगमन सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
प्रयागराज से पहुंचीं धार्मिक प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका राजयोगिनी मनोरमा दीदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आबू राज पर्वत से आईं ब्रह्माकुमारी हंसा दीदी, देवी दीदी और राखी दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान पीस ऑडिटोरियम को सुंदर दीपों से सजाया गया।


Facebook Conversations