कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 से कोरबा जिले में 8 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अब अपने गांव या नजदीकी इलाके में ही धान बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने, परिवहन खर्च और समय की बचत करने में राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए यह पहल की गई है। इसका लाभ कोरबा जिले के ग्राम मुड़ाली के किसानों को भी मिल रहा है।
अखरापाली जाने की मजबूरी हुई खत्म
ग्राम मुड़ाली निवासी किसान मदन सिंह मरकाम लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें अपनी धान की उपज बेचने के लिए अखरापाली धान उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था। गांव से केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण धान परिवहन में समय और मेहनत के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था।
अब मुड़ाली गांव में ही नया धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से उनकी यह परेशानी दूर हो गई है। गांव के नजदीक खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से अब उन्हें धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन खर्च कम होगा और खेती-किसानी के दूसरे कामों के लिए भी समय मिल सकेगा।
किसान ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
किसान मदन सिंह मरकाम ने कहा कि गांव में ही धान खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों की बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। इससे धान विक्रय की प्रक्रिया आसान होगी और किसानों के समय एवं संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले में शुरू किए गए 8 नए धान उपार्जन केंद्रों से किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिल रही है। शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए अनावश्यक परेशानियों से बचाना और धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुगम बनाना है।


Facebook Conversations