दुर्ग। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 8 अक्टूबर को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के तहत 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों के खातों में 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि DBT के माध्यम से अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री साय के दुर्ग दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके साथ ही शासन की योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
67 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के तहत ई-केवाईसी पूरा कर चुके 67,38,217 हितग्राहियों को भुगतान किया जाएगा। राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए भेजी जाएगी।
महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना के तहत अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत कुल भुगतान 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगा।
CM साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से दुर्ग के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12:10 बजे से 2 बजे तक ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण के साथ हितग्राहियों और आम लोगों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटकर राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होंगे।

Facebook Conversations