श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय आवासीय विद्यार्थी अनुष्ठान शिविर का राजनांदगांव में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। पूज्य संत आशारामजी बापू की प्रेरणा से आयोजित इस संस्कारमय शिविर में जिलेभर से 250 से अधिक बच्चों ने भाग लेकर योग, ध्यान, आध्यात्मिक शिक्षा और नैतिक मूल्यों की सीख प्राप्त की। चले इस शिविर का उद्देश्य बच्चों के अंदर अच्छे संस्कार विकसित करना, आत्मिक उन्नति की भावना जागृत करना तथा उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना था। पूरे शिविर के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के दौरान प्रतिदिन बच्चों को जप, ध्यान, प्राणायाम और योगासन का अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास हो सके। बाल संस्कार विभाग के प्रभारी संजय साहू ने बताया कि बच्चों को “सफलता की कुंजी” जैसे प्रेरणादायक विषयों के माध्यम से अनुशासन, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और अच्छे संस्कारों का महत्व समझाया गया। साथ ही भारतीय संस्कृति, माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान, नैतिक शिक्षा और महापुरुषों के जीवन चरित्र से जुड़ी प्रेरक जानकारियां भी दी गईं। शिविर में आध्यात्मिक खेल, बौद्धिक क्षमता बढ़ाने वाले प्रयोग और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
समिति के अध्यक्ष रोहित चंद्राकर और कोषाध्यक्ष टी.के. चंद्राकर ने बताया कि छात्रों के नैतिक और चारित्रिक विकास को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया था। छात्रों के लिए मोहारा स्थित संत आशारामजी आश्रम और छात्राओं के लिए ममता नगर स्थित सत्संग भवन सेंटर में आवासीय व्यवस्था की गई थी। सात दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों ने अनुशासित जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता की सीख भी हासिल की।
समापन समारोह में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसकी उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े हाफिज खान, अमित चटर्जी और श्रेयस श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अभिभावकों ने भी इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्कारमय आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। शिविर को सफल बनाने में महेश रायचा, रामाधीन साहू, वीरेंद्र साहू, दिलीप साहू, गोपीचंद महोबिया, खेमचंद निषाद, तृप्ति वैष्णव, सरिता चक्रधारी सहित अनेक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।

Facebook Conversations