दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ पुलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.737 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को थाना पुलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अपने-अपने पिट्ठू बैग में गांजा रखकर पुराने पुलगांव नाला के पास हनुमान मंदिर के बगल में बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 15.737 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालू राम माहिया (19 वर्ष), अभिमन्यु सिंह (20 वर्ष) और रामानंद चौधरी (18 वर्ष 3 माह) के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के बीकानेर और सीकर जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 902/2026 के तहत धारा 20(ख) और 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में जब्त मादक पदार्थ और अन्य साक्ष्यों के संबंध में आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुलगांव उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।

Facebook Conversations