कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन: मंच पर एकजुटता, मैदान में भूपेश-देवेंद्र के समर्थकों की नारेबाजी; दुर्ग में दिखी अंदरूनी खींचतान
त्वरित खबरें: पायल रिपोर्टिंग

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया। दुर्ग के एसएनजी भवन में आयोजित सम्मेलन में मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक साथ नजर आए, लेकिन मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच नारेबाजी देखने को मिली। दोनों नेताओं के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

रिसाली और भिलाई नगर निगम क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, मोहन मरकाम और विधायक देवेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

समर्थकों की नारेबाजी से गरमाया माहौल

सम्मेलन के दौरान भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच नारेबाजी का सिलसिला चलता रहा। स्थिति को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को मंच से कार्यकर्ताओं को समझाइश देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि नारेबाजी करना ठीक है, लेकिन कार्यकर्ताओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। उन्होंने संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री के कामकाज और सरकार के नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता परेशान है और वर्ष 2028 में जनता इसका फैसला करेगी।

दीपक बैज और सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने आगामी चुनावों को सेमीफाइनल और वर्ष 2029 के चुनाव को फाइनल बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।

सम्मेलन के बाद भूपेश बघेल ने खुद संभाली कार की स्टेयरिंग

सम्मेलन समाप्त होने के बाद एक अलग नजारा भी देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद अपनी कार की स्टेयरिंग संभाली और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत को साथ लेकर रवाना हुए।

कुल मिलाकर, सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं की एकजुट मौजूदगी के बीच समर्थकों की नारेबाजी ने कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को चर्चा में ला दिया। अब देखना होगा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले पार्टी संगठन में एकजुटता बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाती है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations