राजनांदगांव। ड्योढ़ीपार देशहा सेन समाज, राजनांदगांव परिक्षेत्र की मासिक बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत संत शिरोमणि सेन जी महाराज की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ केश शिल्प बोर्ड के सदस्य देवशरण सेन का सम्मान समारोह रहा। ड्योढ़ीपार परिक्षेत्र की ओर से उन्हें पुष्पमाला और गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के संरक्षक मोहन लाल सेन, अशोक सेन, शुभम भार्गव, गणेश कौशिक और नंदू कौशिक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
समाज के अध्यक्ष प्रकाश सेन, उपाध्यक्ष बंटी (बेनी माधव) सेन, परिक्षेत्र सचिव एवं युवा प्रकोष्ठ मंत्री स्वपनल श्रीवास सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाज की मजबूती में महिलाओं की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए महिला टीम गठन पर विशेष जोर दिया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही, जिसमें गौरी कौशिक, गायत्री सेन, प्रीति सेन, टिकेश्वरी सेन, विनीता सेन, संतोषी सेन, मनीषा सेन, नीलेश्वरी सेन, कांति सेन, गीता बाई सेन, कमला बाई सेन, अनसुइया सेन, रामेश्वरी सेन, रेवती सेन और रेनू सेन शामिल रहीं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महिला टीम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए प्रस्तावित नामों पर अंतिम मुहर अगली बैठक में लगाई जाएगी। अगस्त माह के अंतिम मंगलवार को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत महिला टीम का गठन किया जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि समाज की ताकत उसकी एकता और संगठन में है। सदस्यों ने समाज को विभाजित करने वाले किसी भी प्रयास का विरोध करते हुए एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बताया गया कि रायपुर के माना कैंप में 8वीं और 10वीं पास युवक-युवतियों के लिए तीन माह का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी 8305506446 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक के दौरान भविष्य में ड्योढ़ीपार सेन समाज के लिए स्वयं का सामुदायिक भवन बनाने पर भी चर्चा हुई। वहीं परिक्षेत्र सचिव एवं युवा प्रकोष्ठ मंत्री स्वपनल श्रीवास ने समाज के लिए रोजगार, शिक्षा, विवाह और रक्तदान से संबंधित एक साझा डाटाबेस तैयार करने का प्रस्ताव रखा, ताकि प्रदेशभर के समाजजनों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक का समापन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक विकास के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और समाजजनों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Facebook Conversations