दुर्ग। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले चार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उप निरीक्षक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक (चालक) क्रमांक 1106 बलराम टंडन तथा प्रधान आरक्षक क्रमांक 830 यशवंत देवांगन को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को शॉल, एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि विभाग उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद रखेगा और उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों का अनुभव और कार्यशैली युवा पुलिसकर्मियों के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों तथा अपने सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं

Facebook Conversations