मजदूर के बैंक खाते में आए 1 लाख करोड़ रुपये! 5 साल पहले मुंबई में खुलवाया था अकाउंट, मचा हड़कंप
बिहार के जमुई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सामान्य मजदूरी करने वाले व्यक्ति के बैंक खाते में अचानक 10 खरब 1 करोड़ 35 लाख 6000 हजार रुपये (करीब 1 ट्रिलियन रुपये) दिखने लगे। इतनी बड़ी रकम की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई।
मजदूर के खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर रह गए लोग हैरान
जमुई जिले के रहने वाले टेनी मांझी नाम के मजदूर जयपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। इससे पहले वे मुंबई में मजदूरी करते थे। आर्थिक तंगी से जूझ रहे टेनी मांझी ने बताया कि उनके खाते में कभी 500 रुपये से ज्यादा रकम नहीं रहती थी।
लेकिन अचानक उनके बैंक खाते में इतनी बड़ी राशि दिखाई दी कि वह खुद भी हैरान रह गए। खाते में दिखाई दे रही रकम को लेकर अब बैंक और प्रशासन जांच कर रहे हैं।
राजस्थान में मजदूरी कर रहे हैं टेनी मांझी
जानकारी के मुताबिक, टेनी मांझी इन दिनों राजस्थान के गंगापुर सिटी में मजदूरी कर रहे हैं। वह जिला चिकित्सालय की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वह करीब 20 दिनों से गंगापुर सिटी में हैं, जबकि उनके खाते में यह रकम करीब सात दिन पहले दिखाई दी थी।
5 साल पहले मुंबई में खुलवाया था बैंक खाता
टेनी मांझी ने यह बैंक खाता करीब 5 साल पहले मुंबई में मजदूरी करने के दौरान खुलवाया था। गांव लौटने के बाद भी वह कभी-कभार इस खाते का इस्तेमाल करते थे।
हालांकि, इतने बड़े अमाउंट के उनके खाते में आने की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। यह मामला अब जांच का विषय बन गया है।
बैंक ने खाते को किया फ्रीज
मामले की जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधन ने खाते को अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है। साथ ही पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के पास भेज दिया गया है।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, यह मामला तकनीकी गड़बड़ी या किसी संभावित फर्जीवाड़े की कोशिश का परिणाम हो सकता है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
‘पैसा मेरा होता तो गांव में बनवाता घर’
अपने खाते में इतनी बड़ी रकम दिखने पर टेनी मांझी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर यह पैसा उनका होता तो सबसे पहले गांव में एक पक्का घर बनवाते।
उन्होंने यह भी कहा कि वह गांव के सभी बच्चों की पढ़ाई में मदद करना चाहते और उन्हें स्कूल भेजते। फिलहाल करोड़ों-अरबों की इस रकम का रहस्य जांच के बाद ही सामने आएगा।

Facebook Conversations