कंगना रनोट के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। देश को सच्ची आजादी साल 2014 मे मिली यह बताकर कंगना विवादों में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर उनसे पद्मश्री वापस लेने की मांग चल रही हैं। सोशल मीडिया पर हैशटैग #KanganaRanautDeshdrohi टॉप ट्रेंडिंग में बना हुआ है।
इन सब के बीच अब महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेशअध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कंगना के बयान को पूरी तरह से गलत करार दिया है। वहीं महात्मा गांधी के पड़पौत्र तुषार गांधी ने उन्हें नफरत का एजेंट बताया है।
स्वतंत्रता सेनानियों अपमान करने का हक नहीं
भाजपा प्रदेशअध्यक्ष ने कहा, किसी को भी आजादी की लड़ाई या फिर स्वतंत्रता सेनानियों पर नेगेटिव कमेंट या अपमान करने का हक नहीं है। ऐसा करना बिल्कुल गलत है। आप प्रधानमंत्री के कामों की तारीफ कर सकते हैं। लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन की आलोचना नहीं कर सकते। हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि एक्ट्रेस ने किन भावनाओं के चलते ऐसा बयान दिया फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हैं।
कंगना रनोट नफरत और असहिष्णुता की एजेंट है
वहीं महात्मा गांधी के पड़पौत्र तुषार गांधी ने एक्ट्रेस को नफरत का एक एजेंट बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, 'पद्मश्री कंगना रनोट नफरत और असहिष्णुता की एजेंट है। उन्हें लगता है कि भारत को आजादी 2014 में मिली, यह हैरानी की बात नहीं है। नफरत, असहिष्णुता, दिखावा देशभक्ति और उत्पीड़न को भारत में 2014 में आजादी मिली।
मलाना क्रीम के ओवरडोज से बयानबाजी कर रही : मलिक
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि एक्ट्रेस से पद्मश्री पुरस्कार वापस लेकर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। मलिक ने कहा कि कंगना ने उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान किया है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी जान दे दी। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें लगता है कंगना मलाना क्रीम (हिमाचली ड्रग) के ओवरडोज से बयानबाजी कर रही हैं।
कंगना ने क्या कहा जिस पर विवाद
एक राष्ट्रीय मीडिया नेटवर्क के वार्षिक शिखर समिट में कंगना गेस्ट स्पीकर थीं। इस दौरान उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में सावरकर, लक्ष्मीबाई और नेताजी बोस को याद करते हुए कहा था- ये लोग जानते थे कि खून बहेगा, लेकिन यह हिंदुस्तानी खून नहीं होना चाहिए। वे इसे जानते थे। बेशक, उन्हें एक पुरस्कार दिया जाना चाहिए। वह आजादी नहीं थी, वो भीख थी। हमें 2014 में असली आजादी मिली है।

Facebook Conversations